चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने एक लाख रुपये और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित, बोले- वैश्विक संस्थानों में चयन समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम

भीमताल, 17 नवंबर। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थानों में चयन महज संयोग नहीं, बल्कि समर्पण, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम होता है। अपनी काबिलियत और मेहनत के दम पर हासिल की गई उपलब्धियां ही व्यक्ति को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाती हैं।

वह मंगलवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर में आयोजित प्लेसमेंट समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। डॉ. घनशाला ने कहा कि भीमताल परिसर की स्थापना के पीछे उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना था।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा और बड़े सपने देखने का हौसला है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है, ताकि वे अपनी क्षमता को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। इसी उद्देश्य से वैश्विक तकनीक और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी कंपनियों में विद्यार्थियों का अच्छे पैकेज पर चयन इसी दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।

गूगल में चयन पर एक लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मान

समारोह में डॉ. घनशाला ने बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र कार्तिकेय वारियाल को गूगल में 61.36 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित होने पर एक लाख रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

उन्होंने कार्तिकेय की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, माता-पिता का सहयोग, सही संस्कार और निरंतर प्रोत्साहन बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्तिकेय ने साझा किया सफलता का अनुभव

अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कार्तिकेय वारियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में मिले मार्गदर्शन, मेंटरशिप और अवसरों ने गूगल में चयन की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जूनियर विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग और प्रोत्साहन को भी दिया।

कार्तिकेय के पिता बसंत बल्लभ वारियाल ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार जताया। उन्होंने बेटे की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के सहयोगपूर्ण शैक्षणिक माहौल के योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed