मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन दर्ज किया परिवार का विवरण, कहा- उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाएं बनाने में जनगणना के आंकड़े होंगे महत्वपूर्ण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। उन्होंने स्वयं अपने परिवार का आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज किया और प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल स्व-गणना से नागरिकों की सीधी भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ ही सूचनाओं के संकलन की प्रक्रिया भी सुगम होगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी महत्वपूर्ण है। प्रदेशवासियों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार और राजू कुमार बनवारी तथा सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।
