सीएम धामी ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, कहा- जनजातीय समाज का विकास संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ ही संभव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव में लगाई गई आदिवासी संस्कृति एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और परंपराओं के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध किया है।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन और योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

धामी ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। प्रदेश में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तीन जनजातीय आईटीआई संचालित हैं।

जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना सहित विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। इसके अलावा खटीमा में जनजातीय बालिका छात्रावास को भी स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का विकास उसकी संस्कृति, लोक परंपराओं और विरासत के संरक्षण के साथ ही संभव है। राज्य सरकार जनजातीय हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा शिल्पकारों की आजीविका मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed