भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की तहरीर पर राजपुर थाने में केस दर्ज, आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक दावों और गलत कैप्शन के साथ प्रसारित करने के मामले में देहरादून के थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।

शिकायत के अनुसार, कंगना रनौत का मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर करवा चौथ से जोड़कर गलत कैप्शन और टिप्पणियों के साथ वायरल किया जा रहा था। इसे भ्रामक तरीके से प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया आईडी के आधार पर वीडियो प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed