देहरादून, 21 अक्टूबर। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत देहरादून में जिला प्रशासन और नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। दशहरा पर्व के बाद परेड ग्राउंड सहित पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल और रेसकोर्स क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान लगभग 40 टन कूड़ा उठाया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मचारियों और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

परेड ग्राउंड से उठाया 10 टन कूड़ा

स्थानीय परेड ग्राउंड में आयोजित सफाई अभियान के दौरान पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई, जहां से लगभग 10 टन कूड़ा एकत्र किया गया। इसके अलावा पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल, लक्ष्मण चौक और रेसकोर्स सहित अन्य स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। इन सभी स्थानों से करीब 30 टन अतिरिक्त कूड़ा उठाया गया।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों, नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में बदलाव लाकर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना भी है।

दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक त्योहारी सीजन को देखते हुए जनपद में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जैव अपघटनीय और गैर-जैव अपघटनीय कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित किया जाए, ताकि कूड़ा प्रबंधन बेहतर हो और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव कम किया जा सके।

रिस्पना नदी समेत अन्य स्थानों पर भी होगी सफाई

डीएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए देहरादून और ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। रिस्पना नदी समेत अन्य चिह्नित स्थानों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम, संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने, निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की आदत अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता के प्रयासों को प्रभावी और स्थायी बनाया जा सकता है।

अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, जीजीआईसी राजपुर की प्रधानाचार्य एवं छात्राएं, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed