देहरादून, 3 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल आगामी 12 और 13 अक्टूबर को देहरादून का दौरा करेगा। दल निर्वाचन व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लेगा। भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

ईवीएम-वीवीपैट की उपलब्धता और एफएलसी पर फोकस

जिलाधिकारी ने जनपद में उपलब्ध विभिन्न विभागों के कार्मिकों का अद्यतन डेटाबेस जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति का आकलन कर अतिरिक्त मशीनों की आवश्यकता का विवरण तैयार करने को कहा।

साथ ही ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील मतदान केंद्रों की होगी मैपिंग

डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील समेत सभी मतदान केंद्रों की मैपिंग सुनिश्चित करने को कहा। विधानसभा निर्वाचन से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक समितियों का गठन भी जल्द करने के निर्देश दिए।

पुलिस विभाग को उपलब्ध सुरक्षा बलों का विवरण तैयार करने तथा निर्वाचन के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर उसकी मांग प्रस्तुत करने को कहा गया।

मतदान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप (SVEEP) गतिविधियों पर अभी से विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

कार्मिकों के प्रशिक्षण से लेकर मतगणना केंद्र तक तैयारियां

डीएम ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्मिकों के प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी, ईवीएम वेयरहाउस तथा मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्वाचन तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, सभी नोडल अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed