देहरादून, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने देहरादून जनपद में सुशासन को नई गति दी है। सेवा, सुशासन और समर्पण की थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत 4 जुलाई से 23 जुलाई तक जिले के सभी विकासखंडों में जनशिविर लगाए गए, जहां हजारों लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित यह पहल शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा रही है।
44 हजार से अधिक लोगों ने लिया शिविरों में भाग
जिला प्रशासन के अनुसार, 20 दिनों तक चले इस अभियान में 44,735 लोगों ने विभिन्न जनशिविरों में भाग लिया। शिविरों में आय, जाति, निवास समेत विभिन्न प्रमाण पत्रों और अन्य सेवाओं के लिए 560 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से 14,500 से अधिक पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।
शिविरों में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास, उद्यान, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभ से जोड़ा।
848 शिकायतें दर्ज, 568 का मौके पर समाधान
अभियान के दौरान 848 जनसमस्याएं और शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 568 मामलों का तत्काल मौके पर निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं देहरादून जनपद में आयोजित दो जनशिविरों में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
मानसून के बाद भी जारी रहेंगे जनशिविर
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में मानसून या अन्य कारणों से जनशिविर आयोजित नहीं हो पाए हैं, तो वहां मानसून समाप्त होने के बाद विशेष जनशिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी अभियान जारी रहेगा, ताकि कोई भी नागरिक सरकारी योजनाओं और सेवाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सुशासन को जन-जन तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रशासन इसी दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस पहल के माध्यम से न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि भविष्य में भी इस तरह के जनशिविरों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सुशासन को और मजबूत किया जाएगा।
