टिहरी के गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 34 यात्री; सभी घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी
टिहरी/ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस में कुल 34 यात्री सवार थे।
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी तत्काल बुलाया गया। पुलिस और बचाव दल ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को सड़क तक पहुंचाकर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
सात यात्रियों की मौके पर मौत, दो ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल के अनुसार, हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सभी 25 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है, ताकि उनके परिजनों से संपर्क किया जा सके। प्रशासन ने अस्पताल पहुंचकर घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि बस में कुल 34 लोग सवार थे। हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है और 25 घायल हैं। घायलों में उत्तराखंड के अलावा बिहार, झारखंड, दिल्ली, असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के यात्री भी शामिल हैं। घायलों में गुवाहाटी की तीन वर्षीय बच्ची आयरा और उसकी 26 वर्षीय मां नूरजहां भी हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? यात्री ने उठाए सवाल
हादसे में घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। उनके मुताबिक, यात्रियों ने चालक को कई बार गति कम करने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
कुछ दिन पहले ही खरीदी गई थी बस
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA9779 विश्वनाथ सेवा की थी। बस सुबह करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी और करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास हादसे का शिकार हो गई। बस को राजेंद्र सिंह चला रहा था, जो रुद्रप्रयाग जिले के क्यूरी पोखरी का निवासी है। बताया गया है कि बस मालिक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र का रहने वाला है और बस कुछ दिन पहले ही खरीदी गई थी।
अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है और घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। बस मालिक को भी बुलाकर वाहन की जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए
