देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून के आशारोड़ी रेंज कार्यालय में तोड़फोड़ और ननूरखेड़ा में भाजपा विधायक की मौजूदगी में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार हो रहा है।

“भाजपा शासन में माफिया हावी”

गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भू-माफिया, शराब माफिया और खनन माफिया सक्रिय होकर प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। उनके अनुसार, अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त होता जा रहा है और राजधानी देहरादून में खुलेआम आपराधिक घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में घुसकर अधिकारियों और कर्मचारियों से मारपीट की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे प्रशासनिक मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

शिक्षा निदेशक पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी विद्यालय का नाम परिवर्तन सरकार के स्तर पर लिया जाने वाला निर्णय होता है, न कि किसी अधिकारी के व्यक्तिगत अधिकार क्षेत्र में। ऐसे में शिक्षा विभाग के अधिकारी पर हमला करना पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है।

उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि जनसेवा में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार से मांग की कि दोनों घटनाओं में शामिल दोषियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठोस और दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जताने के कई संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके उपलब्ध हैं, लेकिन हिंसा और धमकी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed