लैण्ड पूलिंग, पर्यटन, होटल, औद्योगिक भवन और व्यावसायिक परियोजनाओं पर अहम फैसले, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन निर्णयों से क्षेत्र में योजनाबद्ध शहरी विकास, निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा गढ़वाल आयुक्त एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसके पश्चात 114वीं बोर्ड बैठक के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा की गई।
लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगा विस्तार
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की। माना जा रहा है कि इससे भविष्य में योजनाबद्ध आवासीय एवं व्यावसायिक विकास को गति मिलेगी।
पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
बोर्ड बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाई, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।
नियोजित विकास पर विशेष जोर
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में अनियोजित विकास की बजाय सुनियोजित और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाए। सभी प्रस्तावों को तकनीकी एवं नियामकीय परीक्षण के बाद मंजूरी दी गई, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों, पारदर्शिता और गुणवत्ता के अनुरूप आगे बढ़ सकें।
बंशीधर तिवारी बोले— विकास योजनाओं को मिलेगी गति
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिलने से निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समयबद्ध कार्रवाई होगी : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करते हुए विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाए जाएंगे।
बैठक में आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं बोर्ड अध्यक्ष आनन्द स्वरूप, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव वित्त के नामित प्रतिनिधि विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफआर) कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
