देहरादून, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में इस बार तिरंगा फहराने का सम्मान एक शहीद के पिता को दिया गया। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने विश्वविद्यालय की पुरानी परंपरा में बदलाव करते हुए शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के पिता प्रमोद नाथ गोस्वामी को ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि देश की समृद्धि के लिए किसानों का खुशहाल होना जरूरी है। कृषि को शोध से जोड़ने और किसानों की उपज को उचित बाजार एवं बेहतर मूल्य दिलाने के लिए विज्ञान और प्रबंधन के विद्यार्थियों को आगे आना होगा।

शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर को किया नमन

डॉ. घनशाला ने ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के बीए इंग्लिश (ऑनर्स) के पूर्व छात्र शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश अपने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का ऋणी है।

शहीद लेफ्टिनेंट के पिता प्रमोद नाथ गोस्वामी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि असंख्य वीरों की कुर्बानियों से मिली आजादी देश की सबसे बड़ी विरासत है। उन्होंने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। हर जिम्मेदारी को पूरी लगन, ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।

शहीद के माता-पिता को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि

स्वतंत्रता दिवस समारोह में चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के पिता प्रमोद नाथ गोस्वामी और माता सरस्वती गोस्वामी को सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें 15 लाख रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई।

शहीद के नाम पर शुरू होगी छात्रवृत्ति

लेफ्टिनेंट बीरेश्वर की शहादत को सेवा की नई दिशा देते हुए उनके पिता ने कहा कि सम्मान राशि का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. कमल घनशाला ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर छात्रवृत्ति शुरू करने की घोषणा की। छात्रवृत्ति के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहायता की जाएगी।

समारोह में प्रो चांसलर, कुलपति समेत विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *