देहरादून, 18 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की मसूरी विधानसभा इकाई द्वारा देहरादून के एक निजी होटल में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान सुशासन, विकास, आत्मनिर्भर भारत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा सशक्तिकरण और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में योगदान देने की बात कही।
कृषि और रक्षा बजट में वृद्धि का किया उल्लेख
गणेश जोशी ने कहा कि वर्ष 2013-14 की तुलना में कृषि क्षेत्र के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि किसानों के कल्याण, कृषि अवसंरचना, सिंचाई, फसल बीमा और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाएं संचालित की हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए रक्षा क्षेत्र में बजट वृद्धि, सैन्य आधुनिकीकरण और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को प्रोत्साहन दिए जाने का भी उल्लेख किया।
स्वच्छ भारत अभियान बना जनआंदोलन : डॉ. मीनू सिंह
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ने व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति बढ़ी जागरूकता से लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आया है और इसका सीधा प्रभाव जनस्वास्थ्य पर भी देखने को मिला है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. बख्शी (सेवानिवृत्त) ने कहा कि पिछले वर्षों में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक क्षमता और वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी क्षमता को लगातार मजबूत कर रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
सम्मेलन में पूर्व सैन्य अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. बख्शी (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट जनरल अश्वनी कुमार, एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल, मेजर जनरल डी. अन्गिहोत्री, पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय, नेहा जोशी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
