रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास पर खर्च होंगे 2.74 करोड़ रुपये, डीएम ने दोनों परियोजनाओं पर कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश

देहरादून, 12 नवंबर। सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने करीब 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। वहीं, राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार, कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास पर लगभग 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों परियोजनाओं का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया। डीएम ने आईटी पार्क ड्रेनेज सिस्टम की कार्ययोजना शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं, रिस्पना रिवरफ्रंट परियोजना के लिए जिला योजना और जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

प्राकृतिक जल निकासी के आधार पर बनेगा ड्रेनेज सिस्टम

जिलाधिकारी ने कहा कि आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव का समाधान केवल अस्थायी उपायों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों और वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन करते हुए दीर्घकालिक व्यवस्था तैयार की जाए।

करीब 38 करोड़ रुपये की लागत वाली इस कार्ययोजना को शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क पर 2.74 करोड़ होंगे खर्च

बैठक में राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क विकसित करने की योजना भी प्रस्तुत की गई। इसके लिए लगभग 2.74 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। डीएम ने जिला योजना और डीएमएफ फंड से धनराशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू करने और परियोजना की औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

विशेषज्ञों ने प्रस्तुत किया तकनीकी प्लान

जिलाधिकारी के निर्देश पर सिंचाई विभाग के माध्यम से चयनित कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों को आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का तकनीकी सर्वेक्षण कर व्यावहारिक समाधान तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार से जुड़े प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी ई.आर. पुरुषोत्तम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार और कंसल्टेंसी के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed