देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

हर क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचे विकास का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के विकास में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रदेश और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और देशहित में योगदान के संकल्प का स्मरण कराता है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान से मिली आजादी को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *