देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में 7 दिवसीय विशेष जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार‘ अभियान के तहत इसकी शुरुआत 4 जुलाई को ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में आयोजित होने वाले विशाल बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर से होगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

ऋषिकेश बनेगा ‘सेवा सप्ताह’ का केंद्र

प्रदेश में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ का शुभारंभ ऋषिकेश से किया जाएगा। इस पूरे अभियान के लिए उत्तराखंड सूचना विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने आईडीपीएल मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

तीन जिलों के लोग उठा सकेंगे लाभ

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि ऋषिकेश एक रणनीतिक स्थान है, इसलिए इस शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए तीनों जिलों के विभागीय अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ‘त्वरित लाभ और त्वरित समाधान’ सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य शिविर में मिलेंगी कई सुविधाएं

महाशिविर में एक बड़े स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां लोगों की विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी। साथ ही सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े कार्ड भी मौके पर बनाए जाएंगे।

इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सूचना विभाग संभालेगा आयोजन की जिम्मेदारी

उत्तराखंड सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग, बैठक व्यवस्था और आमजन के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed