देहरादून, 7 जुलाई। बदलते शैक्षणिक परिदृश्य और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप शिक्षकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय फैकल्टी एनेबलमेंट प्रोग्राम (एफईपी) का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को गूगल जेमिनी, नोटबुकएलएम सहित विभिन्न जनरेटिव एआई (Artificial Intelligence) टूल्स के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाईस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ ने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा जगत का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक नई तकनीकों को अपनाएंगे, वही भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
जनरेटिव एआई के उपयोग पर विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआई विशेषज्ञ एवं प्रेक्स स्टूडियो के संस्थापक अनुराग कुमार ने शिक्षकों को Google Gemini, NotebookLM, Google Workspace और Google AI Studio के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने जनरेटिव एआई की कार्यप्रणाली, स्रोत आधारित अध्ययन सामग्री तैयार करने, नोटबुकएलएम के माध्यम से शोध कार्य को सरल बनाने तथा कस्टम एआई असिस्टेंट विकसित करने की प्रक्रिया भी समझाई।
आधुनिक शिक्षा प्रणाली को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट विभाग द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों को नई डिजिटल तकनीकों से जोड़ना और शिक्षा को अधिक प्रभावी, इंटरैक्टिव तथा तकनीक-आधारित बनाना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, ग्राफिक एरा स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के प्रमुख डॉ. नवनीत रावत, बिजनेस मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. एन.एस. बोहरा, एफईपी समन्वयक अभिजीत थापा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
