देहरादून, 7 सितंबर। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 120 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान ई-ऑफिस, सीएम घोषणा और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
90 किराएदारों वाले जर्जर भवन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 और तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं। नोटिस जारी होने के बावजूद भवन खाली नहीं किए जा रहे हैं और इससे संभावित दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
90 लाख रुपये की भूमि धोखाधड़ी का आरोप
70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने शिकायत की कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने कथित धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इसके बदले 90 लाख रुपये का भुगतान भी नहीं किया गया। पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत की गई।
डीएम ने मामले की जांच के लिए एसडीएम सदर को निर्देश दिए।
35.75 लाख रुपये की लेनदेन का मामला
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अलावा 30.75 लाख रुपये उधार भी दिए, लेकिन संबंधित व्यक्ति धनराशि वापस नहीं कर रहा है। मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी ने सीओ रायपुर को निर्देश दिए।
जर्जर स्कूल की छत से बच्चों की सुरक्षा का मामला
ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर छत की मरम्मत नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके पर जांच कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बोल्डर गिरने से बाधित सड़क को जल्द खोलने के निर्देश
त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के कारण बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित होने की शिकायत भी समाधान दिवस में उठी। जिलाधिकारी ने संबंधित एनएच अधिकारियों को सड़क को जल्द सुगम बनाने के निर्देश दिए।
अवैध मोबाइल टावर पर एमडीडीए को कार्रवाई के निर्देश
सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने और एमडीडीए द्वारा उसे अवैध घोषित किए जाने के बावजूद न हटाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।
बुजुर्ग महिला ने किराएदार पर लगाया कब्जे और उत्पीड़न का आरोप
पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न करने, किराया नहीं देने और मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
ठेलियों से जाम की शिकायत
नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों और अन्य सामान की ठेलियों के कारण यातायात जाम की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आर्थिक सहायता और पंचायत भवन से जुड़े मामले भी पहुंचे
आर्थिक रूप से कमजोर अनिता निवासी नीलकंठ और अनिता थापा निवासी मोथरोवाला ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया।
ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
चकराता के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार और गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बने : डीएम
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
