देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) पर प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए सेक्टरवार जनसुनवाई कार्यक्रम जारी कर दिया है। 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक चलने वाली इस जनसुनवाई प्रक्रिया में नागरिकों, भू-स्वामियों, संस्थाओं और अन्य हितधारकों को अपनी राय रखने का अवसर मिलेगा।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर आयोजित की जा रही यह जनसुनवाई देहरादून के भावी विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सभी जनसुनवाई कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

सुनियोजित विकास की आधारशिला है महायोजना-2041

देहरादून महायोजना-2041 शहर के दीर्घकालिक और सतत विकास का प्रमुख दस्तावेज है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ हरित क्षेत्र, परिवहन व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रावधान शामिल किए गए हैं।

एमडीडीए का कहना है कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार महायोजना में संशोधन एवं परिमार्जन किया जाएगा, ताकि विकास योजना अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सके।

नागरिकों से सहभागिता की अपील

प्राधिकरण ने नागरिकों, भू-स्वामियों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने-अपने सेक्टर के लिए निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होकर रचनात्मक सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराएं।

एमडीडीए का मानना है कि जनभागीदारी के बिना किसी भी महायोजना को सफलतापूर्वक लागू नहीं किया जा सकता और नागरिकों की राय शहर के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

महायोजना की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के दीर्घकालिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इसकी सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार उनका परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने सभी हितधारकों से जनसुनवाई में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

पारदर्शी तरीके से होगी जनसुनवाई : मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि जनसुनवाई प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में निर्धारित स्थल पर अधिकारियों की टीम मौजूद रहेगी, जो नागरिकों द्वारा प्रस्तुत सुझावों और आपत्तियों का अभिलेखीकरण करेगी। सभी सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

सेक्टरवार जनसुनवाई कार्यक्रम

तिथि सेक्टर स्थान
06 जुलाई 2026 सेक्टर-1 राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अजबपुर खुर्द
07 जुलाई 2026 सेक्टर-2 ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून
08 जुलाई 2026 सेक्टर-3 दून यूनिवर्सिटी कैंपस
09 जुलाई 2026 सेक्टर-4 नगर निगम टाउन हॉल
10 जुलाई 2026 सेक्टर-5 महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज
13 जुलाई 2026 सेक्टर-6 आईटीआई पार्क
14 जुलाई 2026 सेक्टर-7 जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड
15 जुलाई 2026 सेक्टर-8 सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर रोड
17 जुलाई 2026 सेक्टर-9 ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी विद्यालय
18 जुलाई 2026 सेक्टर-10 तहसील देहरादून (मिनी टाउन हॉल)
20 जुलाई 2026 सेक्टर-11 पॉलीटेक्निक भवन, सुधोवाला
21 जुलाई 2026 सेक्टर-12 वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट, चंद्रबनी रोड

एमडीडीए ने सभी संबंधित नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर जनसुनवाई में भाग लेकर देहरादून के भविष्य के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed