देहरादून, 10 जुलाई। राजधानी देहरादून के सुनियोजित और भविष्य उन्मुख विकास के लिए तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के चौथे दिन नगर निगम परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-04 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न हितधारकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों को विस्तार से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया।

शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं, बल्कि अगले डेढ़ दशक के लिए देहरादून के विकास, पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विस्तार की व्यापक रूपरेखा है। इसी उद्देश्य से नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

स्थानीय आवश्यकताओं को मिलेगी प्राथमिकता

एमडीडीए का मानना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग चुनौतियां और विकास संबंधी आवश्यकताएं हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, संतुलित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार सभी आपत्तियों और सुझावों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

21 जुलाई तक चलेगा जनसंवाद अभियान

एमडीडीए द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण क्षेत्र के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर महायोजना से जुड़े अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसी विकास योजना तैयार करना है, जो विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा कर सके।

शुक्रवार को सेक्टर-05 की जनसुनवाई

जनसंवाद अभियान के अगले चरण में शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने क्षेत्र के नागरिकों, भू-स्वामियों और अन्य हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

जनभागीदारी से बनेगी बेहतर महायोजना : बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 के लिए चलाया जा रहा जनसंवाद अभियान नागरिकों को विकास की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लोगों से मिल रहे सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाएंगे। उनका लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए टिकाऊ विकास मॉडल तैयार करना है।

हर सुझाव का होगा गंभीर परीक्षण : मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनसुनवाई शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर देहरादून के सुनियोजित एवं सतत विकास में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed