रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ दुर्गम क्षेत्रों में तीन महीने का खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश, बर्फबारी से प्रभावित मार्गों के लिए स्नो कटर और जेसीबी तैयार रखने को कहा
देहरादून, 12 नवंबर। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अलाव, कंबल वितरण, रैन बसेरों, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्वतीय मार्गों पर आवागमन सुचारू रखने के लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी।
सार्वजनिक स्थानों पर जलेंगे अलाव, जरूरतमंदों को मिलेंगे कंबल
डीएम ने नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अस्पतालों के आसपास अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्धन, असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को समय पर कंबल उपलब्ध कराने के लिए तहसील स्तर पर पर्याप्त स्टॉक रखने और वितरण की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि दुर्गम क्षेत्रों में तीन महीने का खाद्यान्न समय से पहुंचा दिया जाए।
रैन बसेरों में बिस्तर, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, रोशनी, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक क्षेत्र में रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और निगरानी करने को कहा, ताकि ठंड के दौरान जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
गर्भवती महिलाओं को पहले से किया जाएगा चिह्नित
दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी के दौरान खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका वाले क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने को कहा गया।
डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को बर्फबारी वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को पहले से चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें नजदीकी चिकित्सालय के पास सुरक्षित स्थानों पर रखा जा सके।
अस्पतालों में दवाइयां और एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश
शीतकाल के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने को कहा गया। अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, गर्माहट की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ क्षेत्रों में आपात स्थिति के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बर्फबारी से बंद रास्ते खोलने के लिए तैयार रहेंगे स्नो कटर और जेसीबी
डीएम ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं को बर्फबारी से प्रभावित होने वाले मार्गों को सुचारू रखने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा। इसके तहत जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर के साथ नमक और चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और रास्ते बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों व चालकों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया। बर्फबारी के दौरान बिजली और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटकों और पशुओं की सुरक्षा पर भी जोर
जिलाधिकारी ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। खराब मौसम और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में पर्यटकों को समय पर सूचना देने के साथ ऐसे ट्रेक चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है।
पशुओं की सुरक्षा के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशु चिकित्सालयों में दवाइयों और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय, देखभाल और चारा बैंकों में पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया।
बैठक के अंत में डीएम ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने और नियमित समीक्षा के साथ स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित स्वास्थ्य, नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत और पेयजल विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
