प्रियंका जोशी बोलीं—पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और तथ्यात्मकता सर्वोपरि; वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा, खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
देहरादून, 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, समाचारों की तथ्यात्मकता और डिजिटल एवं सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं का प्रसार पहले से कहीं अधिक तेज हुआ है। ऐसे में पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि खबरों को आकर्षक बनाने के लिए प्रस्तुति के अलग-अलग तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन उनकी मूल भावना तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता ही होनी चाहिए। आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है।
सत्यापन और मौलिक चिंतन जरूरी
वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और विश्वास बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने तकनीक के दौर में पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाने और स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उनके अनुसार, किसी भी समाचार के प्रकाशन या प्रसारण से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील विषयों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से जुड़ी खबरों में तथ्यों की पूरी पुष्टि जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट या भ्रामक जानकारी समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, इसलिए आपदा और प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान प्रसारित होने वाली खबरों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में सही और विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित के प्रति समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज की कमियों को उजागर करने के साथ सुधार और जनजागरूकता को बढ़ावा देना भी मीडिया का दायित्व है।
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा भी पत्रकारिता का दायित्व
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सूचनाओं की अधिकता और उनके तेजी से प्रसार के बीच मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इसके लिए खबरों की पुष्टि, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को प्राथमिकता देना जरूरी है।
गोष्ठी के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसार करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनसमस्याओं को मंच देना, शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाना और समाज को जागरूक करना भी है। सनसनी के बजाय तथ्यपरकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रखा जा सकता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, प्रेम पंचौली, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अमित नेगी, लक्ष्मी बिष्ट, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण, राहुल शर्मा, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह और जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश तथा जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
