सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर किया शुभारंभ, फेक न्यूज पर अंकुश और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर दिया जोर
देहरादून, 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
फेक न्यूज से बचने की जरूरत
सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने या आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया।
लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में सोशल मीडिया की भूमिका
स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इन माध्यमों ने उत्तराखंड के हरेला और इगास जैसे लोक पर्वों के साथ ही छठ पूजा को भी देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद की है।
उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचना और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करने की अपील की।
इस दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित कार्यालय के समस्त कार्मिक मौजूद रहे।
