मंथन में विकास, संस्कृति और समाज निर्माण पर हुई व्यापक चर्चा
देहरादून। उत्तरजन टुडे पत्रिका के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह और मंथन कार्यक्रम में समाज, संस्कृति, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, पत्रकारिता और लोककला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को ‘उत्तराखंड गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं 35 अन्य लोगों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किए गए। कार्यक्रम का विषय “उत्तराखंड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं” रहा, जिसमें राज्य के विकास, संस्कृति संरक्षण और समाज निर्माण पर व्यापक चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और संसाधनों के क्षेत्र में तेजी से सुधार हुआ है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि यह दशक उत्तराखंड के नाम हो और प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।
डॉ. राजेश कुमार ने कार्यक्रम में 1962 एशियन गेम्स में भारत को बॉक्सिंग में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी ऑनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल तथा प्रसिद्ध आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जयंत नवानी को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर चिंता जताते हुए बच्चों को संस्कार और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पंचतंत्र की कहानियां सुनाई जानी चाहिए ताकि उनमें नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। उन्होंने स्थानीय बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन पर भी जोर दिया।
टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने प्रदेश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि जल्द ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं, जिससे रोजगार और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा।
उत्तरजन टुडे की एग्जीक्यूटिव एडिटर रंजना रावत ने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और कौशल विकास पर जोर दिया। पत्रिका के संपादक पीसी थपलियाल ने उत्तरजन टुडे की 10 वर्षों की यात्रा और भविष्य की योजनाओं को साझा किया। कार्यक्रम का संचालन योगाम्बर पॉली और मोनिका बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग की टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने कार्यक्रम को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।
लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित
- अर्जुन अवार्डी ऑनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल (बॉक्सिंग)
- डॉ. जयंत नवानी (आर्थोपेडिक सर्जन)
‘उत्तराखंड गौरव’ सम्मान से सम्मानित विभूतियां
- डॉ. हेमंत पांडे – वैज्ञानिक
- डॉ. संतन बड़थ्वाल एवं शैलेष पांडे – वैज्ञानिक, एफआरआई
- डॉ. एमपीएस बिष्ट – भू-वैज्ञानिक
- डॉ. महेश कुड़ियाल – न्यूरो सर्जन
- डॉली डबराल – साहित्यकार
- अभिलाषा भारद्वाज – शिक्षाविद्
- शकुंतला इष्टवाल – साहित्यकार
- जयदीप रावत – असिस्टेंट डायरेक्टर, वाणिज्य कर विभाग
- कर्नल (सेवानिवृत्त) यशपाल नेगी – रिवर्स माइग्रेशन
- डॉ. उदय बलूनी – सर्जन
- डॉ. रमेश कुंवर – डिप्टी सीएमओ हरिद्वार
- सौरभ मैठाणी – लोक गायक
- एडवोकेट नलिन सौन – हाईकोर्ट अधिवक्ता
- सतीश धौलाखंडी – सोशल एक्टिविस्ट
- डॉ. अजय ढौंडियाल – पत्रकार
- श्याम सिंह चौहान – गीतकार
- आशीष ध्यानी – पत्रकार
- दीपक पोखरियाल – कैप्टन, मर्चेंट नेवी
- संजय पालीवाल – होटल व्यवसायी
- राकेश चौहान – एग्जीक्यूटिव शेफ
कार्यक्रम में पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, ललित जोशी, पूर्व कर्नल यदुवीर रावत, कर्नल उमेश रावत, कर्नल राकेश कुकरेती, शिक्षाविद कमला पंत, इरा कुकरेती, सुरेश डंडरियाल, उद्यमी सुशील सिंह, वैभव गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
