देहरादून, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक में बैंकों को प्रदेश में ऋण-जमा (सीडी) अनुपात बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जनपदों में सीडी अनुपात कम है, वहां नियमित रूप से विशेष ऋण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र नागरिकों को बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बागेश्वर, पौड़ी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी जनपदों में कम ऋण-जमा अनुपात पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि इन जिलों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द से जल्द स्थिति में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को बैंक ऋण प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं को अधिक सरल, प्रभावी और जनहितैषी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सभी बैंकों की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को राज्य के आर्थिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का मजबूत माध्यम बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकें।
