पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नैनीडांडा ब्लॉक के सतखोलू बणासी गांव में शनिवार को जंगल में घास लेने गई एक 65 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हमलावर गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

घास काटने गई थी महिला, घात लगाकर किया हमला

जानकारी के अनुसार गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज अंतर्गत सतखोलू बणासी गांव निवासी सुशीला देवी (65) शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव की एक अन्य महिला के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर साथ गई दूसरी महिला ने शोर मचाकर गुलदार को भगाने का प्रयास किया और तत्काल गांव पहुंचकर घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, धुमाकोट पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि तब तक गुलदार महिला की जान ले चुका था। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने उठाई आदमखोर घोषित करने की मांग

ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रकीर्ण नेगी ने बताया कि लगातार वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि हमलावर गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे पकड़ने या मारने की कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की विशेष टीम तैनात की जाए।

बालों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया हमला गुलदार का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटनास्थल कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा के निकट होने के कारण इस बात की भी जांच की जाएगी कि हमला गुलदार ने किया है या बाघ ने।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से वन्यजीव के बालों के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद हमलावर वन्यजीव की पुष्टि हो सकेगी।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग ने लोगों से जंगल में अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *