देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हुए चर्चित हत्याकांड के तीन दिन बाद सोमवार को बीजेपी नेता विनोद कश्यप का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। पूरे क्षेत्र में शोक और भावुक माहौल देखने को मिला। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा।

अंतिम संस्कार में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें ऐसी सजा दिलाई जाएगी जो भविष्य के लिए मिसाल बने।

पानी के विवाद में हुई थी हत्या

गौरतलब है कि 13 जून को सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और मामला संवेदनशील बन गया। आरोप एक विशेष समुदाय के लोगों पर लगने के कारण क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव भी देखने को मिला।

घटना के बाद क्षेत्र में हुआ था बवाल

हत्याकांड के बाद बैरागीवाला और आसपास के इलाकों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़े और कई इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

परिवार की मांगों पर बनी सहमति

मृतक विनोद कश्यप के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग उठाई थी। साथ ही उन्होंने मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया था।

सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के साथ विस्तृत वार्ता की। बैठक में परिवार की विभिन्न मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा गया।

क्षेत्र में अब भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बैरागीवाला और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती जारी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed